न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज:एसआईटी की बैठक में लंबित व महत्वपूर्ण कांडों की समीक्षा,त्वरित निष्पादन का एसपी ने दिया निर्देश

संवाददाता/किशनगंज

किशनगंज जिले के विभिन्न थाना में लंबित एवं महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने को लेकर एसपी संतोष कुमार ने शुक्रवार को संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के साथ एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) की बैठक की। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण और लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली गई।

समीक्षा के दौरान एसपी ने संबंधित मामलों में अब तक हुई कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी, साक्ष्यों के संकलन तथा अनुसंधान की वर्तमान स्थिति के संबंध में पुलिस पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि गंभीर और महत्वपूर्ण मामलों के अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अनुसंधान के प्रत्येक चरण में उपलब्ध साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं नियमानुसार संकलन करने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जाए।बैठक में पुलिस पदाधिकारियों को कांडों के अनुसंधान में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

साथ ही, ऐसे मामलों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, जिनके अनुसंधान के लंबित रहने से पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने में देरी हो सकती है।एसपी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कांडों की प्रगति की समीक्षा करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुसंधान पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर मामलों में पुलिस की कार्रवाई प्रभावी और निष्पक्ष होनी चाहिए।

बैठक के दौरान एसआईटी के कार्यों और लंबित मामलों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए महत्वपूर्ण कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों ने एसपी को अनुसंधान से संबंधित प्रगति की जानकारी दी तथा आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।बैठक में सर्किल इंस्पेक्टर आर बी रॉय, किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, डीआईयू प्रभारी मोहम्मद मुश्ताक, अवर निरीक्षक रविशंकर कुमार आदि मौजूद थे।

Share this news

Leave a Comment