अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में शेरशाहवादी समुदाय को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग
किशनगंज /मनोवर आलम
जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक गुरुवार को किशनगंज अतिथि गृह में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा अतिपिछड़ा वर्ग के अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जदयू किशनगंज जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने की। मुख्य अतिथि खगड़िया विधायक सह जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदान केंद्र पर संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने की अपील की।
इस दौरान जदयू प्रदेश सचिव डॉ. अब्दुल रशीद मजहरी ने सीमांचल में शेरशाहवादी समुदाय की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष जिले के एक विधानसभा क्षेत्र तथा एक लोकसभा क्षेत्र में शेरशाहवादी समुदाय को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी। डॉ. मजहरी ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुगल पेराडाइज रेस्टोरेंट में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत
बैठक के बाद जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल का किशनगंज शहर के पश्चिमपाली स्थित मुगल पेराडाइज रेस्टोरेंट में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जदयू प्रदेश सचिव डॉ. अब्दुल रशीद मजहरी, जदयू किशनगंज जिलाध्यक्ष फैसल अहमद तथा किशनगंज नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के साथ-साथ अतिपिछड़ा वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया।