न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

शिक्षक विप्लव कुमार को मिलेगा राजकीय शिक्षक पुरस्कार,5 सितंबर को पटना में होंगे सम्मानित

कटिहार–जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय अरिहाना के शिक्षक विप्लव कुमार का चयन राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से पुरस्कृत किया जाएगा।इस प्रतिष्ठित सम्मान वर्ष 2006 से शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा दी गई उत्कृष्ट सेवा एवं समर्पण भाव के लिए दिया जाएगा।

जिला एवं प्रखंड मुख्यालय से सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के अरिहाना एवं आसपास के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आनंददायी शिक्षा देने के साथ-साथ विद्यालय के समग्र विकास में उनका योगदान प्रेरणादायी रहा है।वर्ष 2006 में मवि अरिहाना में बतौर शिक्षक नियोजित होने के बाद से हीं विप्लव कुमार पोषक क्षेत्र के शतप्रतिशत बच्चों का विद्यालय में नामांकन,ठहराव और नियमित कक्षा संचालन को प्राथमिकता देते रहे हैं।

वहीं पारंपरिक शिक्षण विधा के अतिरिक्त रोचक गतिविधियों,प्रयोग के साथ करके सीखने की पद्धति का उपयोग किया, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती गई।बच्चों के लिये कठिन माने जाने वाले गणित और विज्ञान विषयों को विभिन्न शैक्षणिक नवाचारों के जरिए सरल और सहज बनाने में उन्हें महारत हासिल है। उनके मार्गदर्शन में बच्चे प्रयोग और अनुभव के जरिए ज्ञान अर्जित करने में सफल रहे है।

विद्यालय में बाल संसद और मीणा मंच को पूरी तरह सक्रिय रखकर उन्होंने बाल विवाह, दहेज प्रथा, नशाखोरी, लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ बच्चों के माध्यम जागरूकता अभियान चलाने के साथ इको क्लब माध्यम से बच्चों में प्रकृति प्रेम एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाने,आपदा जोखिम न्यूनीकरण और आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक प्रशिक्षण के जरिए वे बच्चों को किसी भी आपदा की स्थिति में न केवल खुद सुरक्षित रहने,बल्कि परिवार और समुदाय की सहायता करने के योग्य बनाने जैसे कार्य भी उनके अथक प्रयास एवं कुशल मार्गदर्शन में सफल होता रहा है।

यही कारण है कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित मध्य विद्यालय अरिहाना एक सुंदर, स्वच्छ, आकर्षक और बाल-मित्रवत परिसर के रूप में पहचान बना चुका है। सामुदायिक सहभागिता और नवाचारों के बल पर उन्होंने इस विद्यालय को सीखने का एक जीवंत और आनंददायी केंद्र बना दिया है, जिससे आजमनगर सहित पूरे जिले का शिक्षा जगत आज गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

बतौर विप्लव कुमार बच्चे केवल देश के भविष्य हीं नहीं अपितु समाज में सकारात्मक परिवर्तन के प्रभावी संवाहक भी होते हैं।उनकी पहचान एक योग्य शिक्षक के अलावे सामाजिक कार्यकर्ता के रुप में भी की जाती है।

Share this news

Leave a Comment