मुख्य अभियंता ने तीनघरिया कटावस्थल का किया निरीक्षण
एसडीओ ने कहा- स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में,अफवाहों पर न दें ध्यान
बचाव व कटावरोधी कार्य जारी
कुरसेला /कटिहार – कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच तीनघरिया में हो रहे कटाव को लेकर विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर है। शनिवार को पटना से आई उच्चस्तरीय अभियंताओं की टीम ने तीनघरिया स्थित कटाव स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। जानकारी के मुताबिक टीम में मुख्य अभियंता के साथ अन्य तकनीकी अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने कटाव की वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद अभियंताओं को कटाव रोधी कार्य निरंतर जारी रखने के सख्त निर्देश दिए।
कटाव स्थल की स्थिति पर जानकारी देते हुए बाढ़ नियंत्रण विभाग के एसडीओ अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि पटना से आए अधिकारियों की टीम ने स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
एसडीओ ने कहा फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कटाव को लेकर जैसी गंभीर स्थिति दिखाई या फैलाई जा रही है, धरातल पर वैसा कुछ नहीं है। स्थिति पूरी तरह काबू में है। उन्होंने बताया कि कटाव को रोकने के लिए विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर काम कराया जा रहा है। वर्तमान में जियो बैग्स और अन्य निरोधात्मक सामग्रियों के जरिए कटाव रोधी कार्य कराया जा रहा है। प्रशासन और विभागीय टीम चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह के खतरे से निपटा जा सके।


























