श्रद्धालुओं ने नगर मुख्य पार्षद के प्रयास की सराहना
स्थानीय प्रशासन द्वारा की गयी व्यापक तैयारी के प्रति आभार जताया
मनिहारी /कटिहार-सावन माह में गंगाजल भरने के लिए मनिहारी गंगातट पहुंचने वाले हजारों कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर मुख्य पार्षद लाखो यादव द्वारा के प्रयास से कांवरिया सेवा शिविर बनकर तैयार हो गया है। रविवार को अन्तराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संत सत्यप्रकाश बाबा ने विधिवत फीता काटकर सेवा शिविर का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद शिविर का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा इसे श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी पहल बताया।
उन्होने ने कहा कि मनिहारी गंगातट का धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व है। सावन के दौरान सीमांचल सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में शिवभक्त यहां गंगाजल भरने पहुंचते हैं। ऐसे में उनके विश्राम, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए सेवा शिविर की स्थापना सराहनीय कदम है।इस अवसर पर गंगा स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं एवं कांवरियों ने नगर प्रशासन और मुख्य पार्षद लाखो यादव के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

श्रद्धालुओं ने कहा कि सेवा शिविर से यात्रा पर निकले कांवरियों को विश्राम करने और आवश्यक सुविधाएं प्राप्त करने में काफी सहूलियत होगी। नगर मुख्य पार्षद लाखो यादव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवरियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सेवा शिविर में विश्राम की व्यवस्था के साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
नगर पंचायत द्वारा स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मनिहारी आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर स्थानीय विधायक मनोहर प्रसाद सिंह,एसडीएम त्रिलोकी नाथ सिंह, बीडीओ सनत कुमार,थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा,प्रो. बिनोद यादव, उप मुख्य पार्षद शुभम पोद्दार, सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव,पार्षद ओम गुप्ता, गुलाब चौधरी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पंकज यादव, सहदेव यादव,बंटी श्रीवास्तव, नगर स्वच्छता पदाधिकारी आरुष कुमार सहित अन्य पार्षद व अधिकारीगण मौजूद थे। इस मौके पर कांवरियों के बीच फल, खीर, हलवा, शर्बत, पानी का वितरण किया गया।


























