पटना: अपनी आगामी फिल्म ‘बटवारा’ के ट्रेलर लॉन्च और प्रमोशन के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार सनी देओल अपने बेटे करण देओल के साथ रविवार को पटना पहुंचे। इस दौरान सनी देओल ने कहा कि ‘बटवारा’ 1947 के भारत विभाजन की दर्दनाक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है, जो उस दौर के मानवीय संघर्ष और भावनाओं को बड़े पर्दे पर दिखाएगी।
सनी देओल ने बताया कि फिल्म का ट्रेलर रविवार को जारी कर दिया गया है, जबकि फिल्म 14 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को यह फिल्म भावनात्मक रूप से जोड़ने में सफल रहेगी।
पटना पहुंचने पर सनी देओल ने बिहार के लोगों के प्रति अपना विशेष लगाव भी जाहिर किया। उन्होंने कहा कि बिहार आकर उन्हें हमेशा अच्छा लगता है और सबसे बड़ी बात यह कि बहुत जल्द बिहार की पृष्ठभूमि पर आधारित एक नई बॉलीवुड फिल्म बनने जा रही है, जिसमें वह स्वयं मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे।
कार्यक्रम के दौरान सनी देओल की एक झलक पाने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया।


























