किशनगंज/प्रतिनिधि
जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान जुलाई माह में भी जारी रहा। प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला द्वारा जारी मासिक रिपोर्ट के अनुसार एक से 31 जुलाई तक कुल 312 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए 25.30 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने इस दौरान हत्या के दो, डकैती के एक, गृहभेदन के छह तथा मंदिर चोरी के दो मामलों का सफल उद्भेदन किया। कार्रवाई के दौरान 1.354 किलोग्राम ब्राउन शुगर, 12.65 किलोग्राम गांजा, 523.53 लीटर विदेशी शराब, 67 लीटर देसी शराब, 400 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप, 300 नशीली गोलियां तथा करीब 5.03 लाख लॉटरी टिकट जब्त किए गए।
इसके अलावा 246 मवेशी, 21 ट्रक, हाईवा, कंटेनर व ट्रैक्टर, छह कार व पिकअप, 13 मोटरसाइकिल, 50 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी समेत बड़ी मात्रा में चोरी का सामान भी बरामद किया गया। पुलिस ने भारतीय मुद्रा 9.48 लाख रुपये, नेपाली मुद्रा 2.60 लाख रुपये तथा 100 पाकिस्तानी रुपये भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ला ने कहा कि अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों से डायल-112 पर सूचना देने की अपील की गई है।


























