इरफान/पोठिया
पोठिया प्रखंड अंतर्गत कोल्था पंचायत के सातमेरी वार्ड संख्या-08 स्थित आदिवासी टोला में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे लगभग 24 वर्ष पुरानी पुलिया ध्वस्त हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सीमेंट से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सातमेरी से दिघली गांव की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रैक्टर पुलिया पर चढ़ा, पुलिया अचानक भरभराकर टूट गई। ट्रैक्टर का पिछला हिस्सा पुलिया के साथ नीचे जा गिरा, जबकि इंजन वाला अगला हिस्सा सड़क पर ही अटक गया।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक को हल्की चोटें आई, जबकि ट्रॉली में लदा सीमेंट पुलिया के मलबे में दब गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को बाहर निकाला।
क्षेत्र संख्या-16 के जिला परिषद प्रतिनिधि डॉ. इनामुल ने बताया कि यह पुलिया लगभग 24 वर्ष पूर्व तत्कालीन मुखिया हकीमुद्दीन के कार्यकाल में बनाई गई थी। बाद में सड़क निर्माण के दौरान पुलिया के ऊपर सड़क की ढलाई कर दी गई, लेकिन योजना में पुलिया के पुनर्निर्माण का प्रावधान नहीं होने के कारण इसे बदला नहीं गया। उन्होंने कहा कि पुलिया पहले से ही जर्जर थी और जिला प्रशासन को अविलंब नई पुलिया का निर्माण कराना चाहिए।
खदिजा पब्लिक स्कूल के संस्थापक मास्टर मो. हैदर अली ने बताया कि मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत ग्रहणखोदा से दिघली तक करीब 1.25 किलोमीटर सड़क का निर्माण उस समय हुआ था, जब वर्तमान सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आज़ाद विधायक थे। उनके अनुसार लगातार वर्षा से पुलिया के नीचे की मिट्टी बह जाने के कारण उसकी नींव कमजोर हो गई थी और भारी वाहन का भार पड़ते ही पुलिया ढह गई।
इस हादसे मे किसी के जान माल का नुकसान नहीं हुआ बस ट्रैक्टर चालक को चोटे आई है, पुलिया टूटने से सातमेरी, पथरिया, बास्मानी, मीराबाड़ी, मल्हाबस्ती, नयाबस्ती, दिघली, मरिया, कोल्था, रतुआ, सिताझाड़ी समेत आसपास के करीब 20 हजार से अधिक लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। पुलिया के दूसरी ओर स्थित सातमेरी विद्यालय जाने वाले छात्रों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि वे ई-रिक्शा से विद्यालय आते-जाते थे।
मास्टर हैदर अली ने बताया कि घटना की सूचना सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आज़ाद के निजी सहायक एहसान हसन को दे दी गई है। उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल जानकारी देकर जल्द पुलिया की मरम्मत एवं वैकल्पिक व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है।

























