इरफान/पोठिया
पोठिया थाना क्षेत्र के आमबगान स्थित सिटी नर्सिंग होम में मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने नर्सिग होम में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ किया। परिजनों ने नर्सिंग होम के डॉक्टर पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। खास बात तो यह है कि आमबगान में सिटी नर्सिंग होम करीब पांच वर्षों से संचालित है लेकिन निबंधन बोर्ड आज तक नहीं लगाया गया। ईधर हंगामे की सूचना पर इलाके के प्रबुद्ध नागरिक नर्सिंग होम पहुंचे और पीड़ित परिजनों व नर्सिंग होम के संचालक के साथ बैठक कर मामले को शांत करवाया।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रसव वेदना के बाद सोमवार की दोपहर तीन बजे आमबगान के सिटी नर्सिंग होम में महिला को एडमिट कराया गया था। जिसके बाद महिला ने पुत्र को जन्म दिया जो अब तक सुरक्षित है। लेकिन नर्सिंग होम में प्रसव के बाद चिकित्सकों द्वारा लापरवाही बरतने के कारण प्रसूता की मौत मंगलवार की सुबह 7 बजे हो गई।
जिसके बाद मरीज को छोड़कर नर्सिंग होम से चिकित्सक व सभी कर्मी फरार हो गए। सिटी नर्सिग के मालिक ठाकुरगंज निवासी हाजी जुनैद बताये जा रहे है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी आमबगान के कई नर्सिंग होम में गलत उपचार के कारण प्रसूता की मौत हो चुकी है लेकिन जिम्मेदार स्वास्थ्य विभाग या पीड़ित परिजनों के द्वारा किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नही की गई।
जिसका परिणाम है कि लगातार इस क्षेत्र के नर्सिंग होम से कभी जच्चा तो कभी बच्चा की मौत के मामले सामने आ रहे है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पोठिया डॉ शाहिद रजा अंसारी ने बताया कि आमबगान का सिटी नर्सिंग होम का रजिस्ट्रेशन है या नही यह लिस्ट देकर बताया जा सकता है। पीड़ित पक्ष से यदि लिखित शिकायत आवेदन प्राप्त होती है, तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
इस संबंध में सिविल सर्जन राज कुमार चौधरी ने बताया कि उक्त नर्सिंग होम के निबंधन आदि की जांच करवा कर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी। बिहार सरकार अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं दे रही है। प्रसव के लिए सरकारी अस्पतालों में ही जाना चाहिए। जहां सभी प्रकार की व्यवस्था मौजूद है।

























