कृषि योजनाओं की प्रगति और उर्वरक गुणवत्ता पर समीक्षा बैठक आयोजित

SHARE:

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

कटिहार – जिले में कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कृषि कार्यालय में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक शस्य पूर्णिया प्रमंडल मनोज कुमार ने की।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी सहित अनुमंडल, प्रखंड एवं विभिन्न शाखाओं के कृषि पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में बिहार कृषि एप, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, खरीफ फसल आच्छादन, धरती बचाओ अभियान, किसान पाठशाला, उर्वरक गुणवत्ता नियंत्रण तथा किसानों से जुड़ी अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी योजनाओं को निर्धारित लक्ष्य एवं समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

संयुक्त निदेशक ने जिले के सभी थोक एवं खुदरा उर्वरक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। उर्वरक विक्रेताओं द्वारा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक प्रखंड में प्रतिदिन कम-से-कम 10 उर्वरक दुकानों का निरीक्षण कर ऑनलाइन प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं।

साथ ही भंडार पंजी, विक्रय पंजी, मूल्य सूची, पॉस मशीन एवं अन्य अभिलेखों का सत्यापन भी नियमित रूप से करें। इसके अलावा बिहार कृषि एप के माध्यम से किसानों का पंजीकरण, खरीफ फसल आच्छादन का सत्यापित डाटा अपलोड करने तथा आत्मा योजना के तहत प्रगतिशील किसानों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक के अंत में जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों से किसानों को बेहतर कृषि सेवाएं उपलब्ध कराने एवं विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आह्वान किया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!