सागर चंद्रा/किशनगंज
सूबे में हो रहे छात्र प्रदर्शन को लेकर किशनगंज पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है। शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरी मोहन शुक्ला के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। सायरन की तेज आवाज के साथ शहर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किशनगंज पुलिस ने सभी नागरिकों से सहयोग एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की है। फ्लैग मार्च में एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ खुसरो सिराज व टाउन थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी भी शामिल थे।
पुलिस ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि नीट परीक्षा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किसी भी समस्या, असंतोष अथवा शिकायत के संबंध में छात्र-छात्राएँ एवं उनके अभिभावक अपनी बात लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संबंधित सक्षम प्राधिकार के समक्ष रखें।
किसी भी परिस्थिति में अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें। जिले में कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार के उपद्रव, तोड़-फोड़, आगजनी, सरकारी अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सड़क जाम करने अथवा विधि-व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधियों से पूर्णतः दूर रहें।
किसी भी असामाजिक तत्व अथवा अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति के बहकावे में न आए। पुलिस ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को किसी भी प्रकार की हिंसा, प्रदर्शन अथवा उपद्रव में शामिल होने से रोकें तथा स्वयं भी ऐसे कार्यों से दूर रहें, जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ संदेश अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना फौरन निकटतम थाना अथवा किशनगंज पुलिस को दें।





















