मनिहारी/कटिहार – प्रखंड सभागार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित भौतिक सत्यापन जीवन प्रमाणीकरण कार्य की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार ने की। बैठक में बीडीओ ने बताया कि मनिहारी प्रखंड में सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत चयनित पात्र लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन एवं जीवन प्रमाणीकरण का कार्य 22 दिसंबर 2025 से संचालित है। इसके बावजूद प्रखंड क्षेत्र के 4,796 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण अब भी लंबित है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का नियमित लाभ प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य है। ऐसे में सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। बैठक के दौरान बीडीओ ने प्रखंड के सभी पंचायत सचिवों, ग्राम सचिवों, विकास मित्रों एवं स्वच्छता पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लंबित लाभार्थियों का शीघ्र भौतिक सत्यापन कर जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।
उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में पंचायती राज पदाधिकारी सोनू कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया गया।





















