अधिक से अधिक पात्र लोगों से आवेदन करने की अपील
समेली /कटिहार- समेली प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर नए राशन कार्ड बनाने को लेकर प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रकाश कुमार ने किया।
वही बैठक में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मोहम्मद हाशिम, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अनामिका तथा प्रमुख प्रतिनिधि दिलीप कुमार साह सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ प्रकाश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड की सुविधा से वंचित न रहे।
इसके लिए सभी पंचायतों में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों से आवेदन प्राप्त करने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने पंचायत सचिव, ग्रामीण आवास सहायक, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं विकास मित्रों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएं।
साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर लोगों को नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित करें, ताकि सभी पात्र परिवारों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में मुखिया राजीव कुमार मंडल, पंचायत समिति सदस्य धनेश्वर मंडल,सरपंच दिनेश प्रसाद मंडल, दिलीप कुमार यादव, प्रभास कुमार, सुमन शर्मा, अमित सहारा, उत्तम कुमार, पवन कुमार मंडल सहित पंचायत सचिव, ग्रामीण आवास सहायक, स्वच्छता पर्यवेक्षक, विकास मित्र एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे। बैठक में राशन कार्ड निर्माण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने तथा पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।


























