फलका /कटिहार – फलका प्रखंड के पोठिया बाजार से दुर्गा मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क में जलजमाव के कारण लोगों को पैदल चलना मुश्किल हो गयी है।इस गंभीर समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन से शीघ्र बड़े नाले का निर्माण कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना था कि पोठिया दुर्गा मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
लेकिन सड़क पर हमेशा गंदा पानी जमा रहने से श्रद्धालुओं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों तथा स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।बरसात के मौसम में हालात और भी बद से बदत्तर हो जाती है।वर्षों से इस गंभीर समस्या की अनदेखी की जा रही है। यदि सड़क किनारे बड़े नाले का निर्माण करा दिया जाए तो जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान संभव है।
ग्रामीणों ने कहा कि उक्त समस्या का जल्द से जल्द निदान नहीं किया गया तो वे लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन शुरू करेंगे। ग्रामीण मुन्ना मुस्ताक,श्रवण राय, सुनील कुमार यादव,निखिल यादव, गौरव कुमार, संजीव कुमार उर्फ भोलू, अशोक केसरी समेत दर्जनों लोगों ने सांसद एवं कोढ़ा विधायक से पोठिया बाजार से दुर्गा स्थान तक सड़क किनारे नाले का निर्माण कराने की मांग की है।


























