किशोर शिक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

SHARE:

100 शिक्षकों को किया गया प्रशिक्षित

कटिहार – सदर अस्पताल सभागार में गुरुवार को किशोर शिक्षा एवं किशोर स्वास्थ्य विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ.एस. सरकार ने द्वीप प्रजलित कर किया। प्रशिक्षण का आयोजन डीपीएम – डीएपीसीयू कटिहार के सहयोग से किया गया।


इस अवसर पर वाइआरजी केयर बीएसएससी पटना के टेक्निकल एक्सपर्ट अजय कुमार बरनवाल ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम में दो बैचों में कुल 130 शिक्षकों प्रत्येक बैच में 65 प्रतिभागी ने भाग लिया।प्रशिक्षण के दौरान किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक परिवर्तनों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि किशोरों के समग्र विकास के लिए सही मार्गदर्शन, सकारात्मक संवाद तथा वैज्ञानिक एवं आयु-उपयुक्त जानकारी अत्यंत आवश्यक है।

अजय कुमार बरनवाल ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षक केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि किशोरों के विश्वासपात्र मार्गदर्शक भी होते हैं। यदि शिक्षक किशोर स्वास्थ्य, जीवन कौशल एवं व्यवहार परिवर्तन से संबंधित विषयों की सही जानकारी रखेंगे,तो वे विद्यार्थियों को जोखिमपूर्ण व्यवहार से बचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रभावी रूप से प्रेरित कर सकेंगे।प्रशिक्षण में किशोरों में नशा सेवन की रोकथाम, प्रजनन एवं यौन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, जीवन कौशल, एचआईवी एवं एड्स की रोकथाम तथा सुरक्षित एवं स्वस्थ व्यवहार को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

साथ ही यह भी बताया गया कि जागरूकता, समय पर परामर्श और सही जानकारी के माध्यम से किशोरों को अनेक स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से सुरक्षित रखा जा सकता है।उद्घाटन सत्र में डॉ. एस सरकार ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इस अवधि में सही शिक्षा और उचित परामर्श युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, बेहतर स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यालयों में किशोर स्वास्थ्य एवं जीवन कौशल शिक्षा को प्रभावी ढंग से विद्यार्थियों तक पहुंचाएं।


कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे प्राप्त जानकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोरों में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना,जोखिमपूर्ण व्यवहार की रोकथाम करना तथा एचआईवी/एड्स सहित विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का समापन डीपीएम-डीएपीसीयू सौनिक प्रकाश के धन्यवाद ज्ञापन से किया। कार्यक्रम में पीपीटीसीटी काउंसलर डॉक्टर आभा कुमारी, आईसीटीसी मिथिलेश कुमार ठाकुर,डेप्कु से प्रभाकर लाल दास ने विशेष योगदान दिया। साथ ही कार्यक्रम में पवन कुमार ,नवीन कुमार सिंह,शनि पोद्दार ,परवेज जफर आदि मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!