संवाददाता/पोठिया (किशनगंज)।
पोठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोरुखाल और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे इलाकों में सक्रिय बालू माफियाओं के खिलाफ पुलिस द्वारा बड़ी छापेमारी की गई। यह विशेष कार्रवाई पोठिया थाना अध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे के नेतृत्व में अंजाम दी गई है। दरअसल पिछले कुछ समय से क्षेत्र में अवैध रूप से बालू के खनन और भंडारण की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गोपनीय रणनीति तैयार की थी।
छापेमारी की खबर फैलते ही माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से फरार होने में कामयाब रहे। इस दौरान पुलिस टीम ने अवैध रूप से जमा किए गए बालू के ढेर और खनन में उपयोग किए जाने वाले नाव तथा अन्य उपकरणों को नष्ट किया है।
इस विशेष छापेमारी अभियान में पोठिया थाना के पुलिस पदाधिकारीयों के साथ सशस्त्र बल के जवान भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे, जिन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों की सघन घेराबंदी कर इस कार्रवाई को सफल बनाया है। पोठिया थाना अध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना अध्यक्ष श्री पांडे नें चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी माफिया इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।


























