विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ (किशनगंज)
प्रखंड क्षेत्र की कालपीर पंचायत अंतर्गत बीबीगंज स्थित दुबड़ी नया टोला वार्ड संख्या-13 की लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क पिछले चार वर्षों से जर्जर होकर कीचड़ और जलजमाव में तब्दील हो चुकी है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
बरसात के दिनों में यह सड़क पूरी तरह दलदल बन जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क की मरम्मत अथवा पक्कीकरण की मांग कई बार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। सड़क की दुर्दशा के कारण लोगों को दैनिक कार्यों, बाजार, विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सरकार द्वारा प्रत्येक 500 की आबादी वाले गांव को पक्की सड़क से जोड़ने का दावा किया जाता है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत दिखाई देती है। टेढ़ागाछ प्रखंड की कई पंचायतों में आज भी दर्जनों कच्ची सड़कें विकास की बाट जोह रही हैं। दुबड़ी नया टोला की यह सड़क भी प्रशासनिक उपेक्षा का उदाहरण बन गई है।
इस संबंध में मुखिया प्रतिनिधि अमित कुमार दास ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर सांसद, विधायक तथा जिला पदाधिकारी को पूर्व में भी आवेदन सौंपा जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि सोमवार को नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी को पंचायत की विभिन्न जनसमस्याओं, विशेष रूप से दुबड़ी नया टोला की इस जर्जर सड़क के संबंध में लिखित आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण या कम से कम तत्काल मरम्मत का कार्य शुरू कराएगा, ताकि लोगों को वर्षों से चली आ रही इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
























