मनिहारी-साहिबगंज फेरी सेवा का निरीक्षण
क्षमता से अधिक सवारी व सूर्यास्त के बाद नाव संचालन पर चेतावनी
मनिहारी/ कटिहार – गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी मार्ग में सुरक्षित नाव परिचालन सुनिश्चित कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद कुमार ने पीर पहाड़ घाट, हटिया घाट और मनिहारी घाट का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मनिहारी-साहिबगंज के बीच संचालित यात्री फेरी सेवा का जायजा लेकर नाविकों एवं लीजधारकों को सरकार द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में नाव पर क्षमता से अधिक यात्रियों को नहीं बैठाया जाए।
सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सूर्यास्त के बाद नाव परिचालन पूरी तरह बंद रखने तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही फेरी सेवा संचालित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ अथवा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जागी।
विगत 24 जून को क्षमता से अधिक यात्रियों के कारण एक छोटी नाव के डूबने की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उस हादसे में ग्रामीणों और प्रशासन की तत्परता से एक बच्ची को छोड़ सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है।
























