कटिहार – जिले में विद्युत संकट को लेकर सांसद तारिक अनवर ने जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। कटिहार जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला ने बताया कि सांसद श्री अनवर ने अपने पत्र में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार बनी हुई लो वोल्टेज, अपर्याप्त विद्युत आपूर्ति तथा बार-बार हो रही बिजली कटौती की गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।
इससे आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं छोटे उद्यमियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जो कि बेहद ही चिंताजनक है।
सांसद श्री अनवर ने जिला पदाधिकारी श्री द्विवेदी से संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अविलंब प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता अनुसार ट्रांसफॉर्मर, फीडर एवं अन्य विद्युत अवसंरचना को सुदृढ़ करने हेतु शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
























