अररिया से अरुण कुमार कि एक रिपोर्ट
अररिया: आरएस थाना क्षेत्र के हड़ियाबाड़ा में युवक शमीउल्लाह की हत्या मामले में अररिया पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर कांड का सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में अररिया के एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरी कार्रवाई की जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 2 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि हड़ियाबाड़ा निवासी 25 वर्षीय शमीउल्लाह को शमशाद चौक के पास चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आरएस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम से वैज्ञानिक जांच कराई। मामले में आरएस थाना कांड संख्या 149/26 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर हड़ियाबाड़ा निवासी 26 वर्षीय महमुद (पिता- आरिफ) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए गए। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2025 का एक आपराधिक मामला भी दर्ज है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ के नेतृत्व में आरएस थाना, अररिया थाना, बैरगाछी थाना एवं डीआईयू की संयुक्त टीम शामिल रही।
























