BiharNews:तीन से चार महीने से नहीं मिली पेंशन,भटक रहे वृद्ध, विधवा व दिव्यांग लाभुक

SHARE:

मनिहारी प्रखंड कार्यालय में उमड़ी भीड़, सर्वर डाउन और लंबित भुगतान से बढ़ी परेशानी

मनिहारी/कटिहार – केंद्र प्रायोजित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि पिछले तीन से चार महीनों से नहीं मिलने से मनिहारी प्रखंड के वृद्ध,विधवा एवं दिव्यांग लाभुकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। मनिहारी प्रखंड कार्यालय में बड़ी संख्या में लाभुक पेंशन से जुड़ी जानकारी लेने पहुंचे।

कई बुजुर्ग महिलाएं और पुरुष घंटों तक पेंशन काउंटर के सामने बैठे अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कुछ बुजुर्ग थककर वहीं बैठ गए। यह दृश्य उनकी बेबसी और मजबूरी को बयां कर रहा था। मौके पर लाभुकों से बातचीत की तो चंपतिया देवी, जानकी देवी, शकीला बेगम, समफूल ख़ां, शेख सहामत समेत कई अन्य लाभुकों ने बताया कि पिछले तीन से चार महीनों से उनके बैंक खातों में पेंशन की राशि नहीं आई है।

लाभुकों का कहना था कि उनका केवाईसी,आधार सीडिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन पहले ही पूरा हो चुका है, फिर भी भुगतान लंबित है। लाभुकों ने बताया कि वे कई बार बैंक और मनिहारी प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं। कई लोग एक-दो दिनों तक लगातार कार्यालय पहुंचे, लेकिन हर बार “सर्वर डाउन” होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। इससे उन्हें आर्थिक के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।


पेंशन पर ही जीवन-यापन करने वाले इन बुजुर्गों का कहना है कि समय पर राशि नहीं मिलने से दवा, भोजन और रोजमर्रा की आवश्यक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। लाभुकों ने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द लंबित पेंशन राशि जारी कराने की मांग की है।

हाल ही में प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार जिले में भी बड़ी संख्या में केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के लाभुक भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में मनिहारी प्रखंड के लाभुकों की चिंता और बढ़ गई है।

जब केवाईसी और बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा हो चुका है, तो आखिर तीन-चार महीनों से पेंशन की राशि लाभुकों के खातों में क्यों नहीं पहुंच रही? क्या यह सिर्फ सर्वर की समस्या है या फिर कहीं प्रशासनिक स्तर पर भी देरी हो रही है? अब इसका जवाब और समाधान मिलने का इंतजार हजारों जरूरतमंद लाभुक कर रहे हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई