खुरखुरिया रेतुआ नदी घाट पर नाव सेवा बहाल,ग्रामीणों ने आरसीसी पुल निर्माण की मांग दोहराई

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र की हवाकोल पंचायत अंतर्गत खुरखुरिया रेतुआ नदी घाट पर शुक्रवार से नाव को सुदृढ़ कर पुनः आवागमन बहाल कर दिया गया है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को फिलहाल नदी पार करने में कुछ राहत मिली है। हालांकि बरसात के मौसम में नाव ही एकमात्र सहारा होने के कारण लोगों को अब भी जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि खुरखुरिया रेतुआ नदी पर स्थायी आरसीसी पुल का निर्माण ही इस समस्या का स्थायी समाधान है। जदयू पंचायत अध्यक्ष कृष्ण प्रसाद मंडल एवं पंचायत समिति सदस्य सोनावती देवी ने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘प्रशासन आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान उच्च माध्यमिक विद्यालय कुवाड़ी में तत्कालीन जिला पदाधिकारी अनिमेष पराशर को खुरखुरिया रेतुआ नदी पर आरसीसी पुल निर्माण की मांग को लेकर आवेदन सौंपा गया था।

इसके बावजूद आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से आवागमन बाधित हो जाता है। ऐसे में छात्र-छात्राओं, किसानों, मरीजों, महिलाओं और दैनिक मजदूरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर नाव से नदी पार करनी पड़ती है।

ग्रामीणों का कहना है कि नाव सेवा शुरू होने से अस्थायी राहत अवश्य मिली है, लेकिन यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। क्षेत्र की बड़ी आबादी वर्षों से पुल निर्माण की मांग करती आ रही है, ताकि वर्षभर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सके। स्थानीय लोगों ने नवपदस्थ जिला पदाधिकारी नवीन कुमार से खुरखुरिया रेतुआ नदी पर शीघ्र आरसीसी पुल निर्माण की स्वीकृति दिलाने एवं आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुल का निर्माण हो जाता है तो हवाकोल पंचायत सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा तथा बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से स्थायी रूप से निजात मिल सकेगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई