डाटा ऑपरेटर पर पैसे लेकर दूसरी सूची भेजने के प्रयास का आरोप,निष्पक्ष जांच की मांग

SHARE:

अमदाबाद /कटिहार – मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने ग्राम रक्षा दल के सदस्यों के प्रशिक्षण के लिए भेजी गई सूची की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी कटिहार को पत्र भेजकर अमदाबाद बीपीआरओ कार्यालय के डाटा ऑपरेटर वारिस पर पैसे लेकर दूसरे संगठन के लोगों की सूची भेजने के प्रयास का आरोप लगाए जाने की जानकारी दी है।

विधायक ने पत्र में कहा है कि करीब 30 लोगों ने उनसे मिलकर शिकायत की है कि वे बिहार प्रदेश ग्राम रक्षा दल महासंघ कटिहार पंजीकरण वर्ष 1997 से जुड़े सदस्य हैं। उनका कहना है कि वे वर्षों से प्रशासन के आह्वान पर विभिन्न सरकारी कार्यों में सहयोग करते रहे हैं। कई अवसरों पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई है।

पत्र के अनुसार, पंचायती राज विभाग कटिहार की ओर से प्रशिक्षण के लिए सूची मांगे जाने पर प्रखंड पदाधिकारी, अमदाबाद ने पत्रांक-104 के माध्यम से 198 ग्राम रक्षा दल सदस्यों एवं दलपतियों की सूची भेजी थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अब इसके स्थान पर दूसरे संगठन के लोगों की सूची भेजने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक पत्र में बीपीआरओ कार्यालय के डाटा ऑपरेटर वारिस पर पैसे लेकर दूसरी सूची भेजने के प्रयास का आरोप लगाया है।उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच कराने तथा वास्तविक एवं प्रमाणित ग्राम रक्षा दल सदस्यों को ही प्रशिक्षण का अवसर सुनिश्चित करने की मांग की है।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!