कोढ़ा प्रखंड मुख्यालय में खुला जीविका दीदी अधिकार केंद्र,अब गांव में ही मिलेंगी डिजिटल सेवाएं

SHARE:

कोढा /कटिहार- कोढ़ा प्रखंड मुख्यालय परिसर में ग्रामीणों को विभिन्न ऑनलाइन और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जीविका दीदी अधिकार केंद्र सीएसपी का शुभारंभ किया गया। केंद्र के उद्घाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की विधायक कविता पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह एवं विधायक ने दीप प्रज्ज्वलन और फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया ।

इस मौके पर जीविका समूह की महिलाओं ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं की उपस्थिति से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा। अपने संबोधन में विधायक कविता पासवान ने कहा कि यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा।

उन्होंने बताया कि अब लोगों को छोटी-छोटी ऑनलाइन सेवाओं के लिए शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। उनके अनुसार यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी। जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने कहा कि अधिकार केंद्र के माध्यम से आम लोगों को एक ही स्थान पर कई महत्वपूर्ण सरकारी सेवाएं मिल सकेंगी। यहां भूमि म्यूटेशन, ऑनलाइन रसीद, परिमार्जन, राशन कार्ड संबंधी कार्य, बिजली कनेक्शन आवेदन, पेंशन योजनाओं सहित कई सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं के लिए लोगों को निर्धारित शुल्क से भी कम खर्च करना पड़ेगा, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा।

मौके पर उपस्थित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित,अंचलाधिकारी संजीव कुमार प्रखण्ड परियोजना प्रबंधक उत्तमानंद भारती मुख्य पार्षद धीरज सिंह ने कहा कि जीविका दीदियों द्वारा संचालित यह केंद्र डिजिटल सेवाओं को गांव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी, समय की बचत होगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम के अंत में जीविका दीदियों ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बेहतर सेवा देने का संकल्प दोहराया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई