किशनगंज, प्रतिनिधि
पूर्णिया विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में चल रही यूजी सेमेस्टर-5 की परीक्षा के अंतर्गत शनिवार को मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज में द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह ने अपनी टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। उनके साथ उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. पिनाकी रंजन दास भी उपस्थित थे।
कॉलेज पहुंचने पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक ने प्राचार्य के साथ परीक्षा केंद्र के विभिन्न कक्षों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का जायजा लिया।
उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर परीक्षार्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं अनुशासित वातावरण में संचालित होती पाई गई। परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह ने परीक्षार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं की भी बारीकी से जांच की। जांच के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता नहीं मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया तथा महाविद्यालय प्रशासन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पूर्णिया विश्वविद्यालय निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण परीक्षा संचालन के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. पिनाकी रंजन दास ने भी केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि परीक्षा का संचालन विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।
अंत में परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह ने परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए महाविद्यालय प्रशासन, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार तथा परीक्षा कार्य में संलग्न शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
























