विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से रविवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं बटालियन फतेहपुर एवं एपीएफ (आर्म्ड पुलिस फोर्स) नेपाल द्वारा संयुक्त गश्ती अभियान चलाया गया।
यह अभियान भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बॉर्डर पिलर संख्या 151 से 152 के बीच के संवेदनशील क्षेत्रों में संचालित किया गया।संयुक्त गश्ती अभियान का नेतृत्व एसएसबी 12वीं बटालियन फतेहपुर के बीओपी फतेहपुर से उपनिरीक्षक (जीडी) अडहारी लोसा तथा एपीएफ नेपाल के डीएसपी किशोर श्रेष्ठ ने किया। दोनों देशों के सुरक्षा बलों के जवानों ने सीमा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा सीमा पार गतिविधियों पर निगरानी रखी।
गश्ती के दौरान सुरक्षा बलों ने सीमा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपसी समन्वय को सुदृढ़ करने तथा तस्करी, अवैध आवागमन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम के लिए संयुक्त प्रयासों को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। अधिकारियों ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ सीमा क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करना दोनों देशों की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर दोनों देशों के अधिकारियों के बीच सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की गई। सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा सूचना के त्वरित आदान-प्रदान के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की रणनीति पर विचार- विमर्श किया गया।एसएसबी एवं एपीएफ नेपाल के अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के संयुक्त गश्ती अभियान से न केवल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल और विश्वास भी विकसित होता है।
उन्होंने भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियानों को नियमित रूप से जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।स्थानीय लोगों ने भी दोनों देशों के सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


























