मई में वाणिज्य विभाग द्वारा 3.83 करोड़ रुपये का वसूला गया रेल राजस्व
कटिहार – कटिहार रेलमंडल में बिना टिकट यात्रा एवं रेलवे नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चलाए गए विशेष जांच अभियान ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मई 2026 के दौरान वाणिज्य विभाग की ओर से चलाए गए सघन अभियान में 36,514 मामलों से कुल 3 करोड़ 83 लाख 31 हजार 343 रुपये का रेल राजस्व प्राप्त कर वाणिज्य विभाग ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम करने में सफलता हासिल किया है। जो पिछले वर्ष मई माह की तुलना में 18.76 प्रतिशत अधिक है।
कटिहार रेलमंडल में डीआरएम किरेंद्र नरह के निर्देश एवं सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में अभियान को बिहार और पश्चिम बंगाल क्षेत्र में अलग-अलग टीमों के माध्यम से संचालित किया गया। इस अभियान में डीसीएम कुमार जितेंद्र सिंह, एसीएम कटिहार निशांत कुमार, एसीएम न्यू जलपाईगुड़ी प्रीतिमय चौधरी सहित दर्जनों वाणिज्य कर्मी एवं सुरक्षा बल के जवान अलग अलग टीम का नेतृत्व कर रहे थे।
सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान बेटिकट यात्रा के अलावा महिला एवं दिव्यांग कोच में अनधिकृत यात्रा, पैंट्रीकार में बिना टिकट सफर, स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने, रेल क्षेत्र में धूम्रपान करने तथा मटरगश्ती जैसे मामलों में भी जुर्माना वसूला गया।उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे की राजस्व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें, क्योंकि बिना टिकट यात्रा करना एक दंडनीय अपराध है और पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई के तहत जेल की भी हवा खानी पड़ सकती है। कटिहार रेलमंडल में रिकॉर्ड राजस्व वसूली ने यह साबित कर दिया है कि रेलवे अब नियमों के उल्लंघन के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है।


























