अज्ञात लोगों पर केस
अमदाबाद /कटिहार – थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी करीमुल्लापुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित बलवा गांव में एक मदरसे में आग लगने से सात कमरे, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गया। घटना में करीब चार लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। मदरसा आयशातुल बनात के सचिव अबू तल्हा ने अमदाबाद थाना, सीओ, बीईओ एवं जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
सचिव ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे वे लोग सो रहे थे। इसी दौरान शोर-शराबा सुनकर बाहर निकले तो देखा कि मदरसे में आग लगी हुई है। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। अग्निशमन दल और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक मदरसे में रखे टेबल, बेंच, कुर्सियां तथा आवश्यक अभिलेख जलकर नष्ट हो चुका था।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोगों ने मदरसे में आग लगाकर घटना को अंजाम दिया है।
इसे लेकर संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिया गया है।मदरसे के शिक्षक मो. मसूद ने बताया कि आग लगने से मदरसे का सातो कमरा जला कर राख हो गया।बताया कि मदरसे में 170 बच्चे नामांकित हैं।उपमुखिया शेख माबूद, वार्ड सदस्य मो. दुलाल तथा मुखिया प्रत्याशी शेख सद्दाम ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।


























