किशनगंज/सागर चंद्रा
टाउन थाना क्षेत्र के पानी साल गांव में 11 वर्षीय लड़की के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने भी नाबालिग के परिजनों की जम कर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद परिजन दिलजाना के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में 7 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार दिलजाना की नाबालिग भांजी अकेली रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान अनसारूल पिता कुर्बान अली ने उसे घेर लिया और छेड़छाड़ करने लगा। बच्ची रोती हुई अपने मामी के पास पहुंची और उन्हें घटना की जानकारी दी। दिलजाना जब घटना की शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची तो अनसारूल और उसके परिजनों ने दिलजाना की बेरहमी से पिटाई कर दी।
इस दौरान दिलजाना को बचाने के लिए पहुंचे पिता मकबुल और भाई दिलशाद पर आरोपियों ने लाठी डंडे के साथ साथ धारदार हथियार से वार कर दिया। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मकबुल और दिलशाद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।



























