टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के हाटगांव एवं भोरहा पंचायत स्थित मदरसों का गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार एवं प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मदरसा संचालन से संबंधित विभिन्न अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की गहन जांच की।जांच के क्रम में छात्र- छात्राओं की उपस्थिति पंजी, मौलवी की उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) से संबंधित अभिलेख, चखनी पंजी तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन किया गया।
अधिकारियों ने उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज विवरणों का मिलान करते हुए मदरसे में उपस्थित विद्यार्थियों की संख्या की भी समीक्षा की। साथ ही मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, वितरण व्यवस्था एवं अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मदरसा प्रबंधन को शैक्षणिक गतिविधियों को नियमित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी अभिलेख अद्यतन एवं पारदर्शी तरीके से संधारित किए जाएं तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा सरकार द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करने पर भी बल दिया गया।
बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से समय-समय पर विद्यालयों एवं मदरसों का निरीक्षण किया जा रहा है। वहीं प्रभारी बीईओ अनिल कुमार शर्मा ने शिक्षकों एवं मदरसा कर्मियों को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी।बताते चले कि राज्य सरकार के द्वारा सभी जिले के जिला पदाधिकारियों को दस दिन में मदरसों की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में मदरसों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के इस संयुक्त निरीक्षण से मदरसा प्रबंधन में जवाबदेही बढ़ी है तथा शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।




























