संवाददाता/किशनगंज
सदर थाना क्षेत्र के सफा नगर से लापता हुए 17 वर्षीय नाबालिग मोहम्मद कैसर आलम की हत्या की गई थी।मामले में चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बुधवार को एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने पत्रकार वार्ता कर 23 मई को लहरा फुलवाड़ी निवासी नाबालिग मोहम्मद कैसर आलम के अपहरण और गुमशुदगी की प्राथमिकी परिजन के द्वारा दर्ज करवाई गई थी।
प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद अनुसंधान प्रारंभ किया गया था। अनुसंधान के क्रम में चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। हिरासत में लिए गए चारों युवकों ने नाबालिग लड़के मोहम्मद कैसर आलम की हत्या की बात कही थी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की निशानदेही पर कपड़ा एवं अन्य सामान भी बरामद किया गया है साथ ही आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
एसडीपीओ ने कहा कि मंगलवार को पूर्णिया जिले के अनगढ़ थाना क्षेत्र में महानन्दा नदी किनारे मिला शव मोहम्मद कैसर आलम का हो सकता है,इसकी पुष्टि के लिए शव का भागलपुर में पोस्टमार्टम एवं डीएनए जांच कराया जाएगा।डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद शव की पहचान का खुलासा होगा।हत्या के कारणों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी आपस में दोस्त थे और शक के आधार पर हत्या कर दी गई।

























