16 प्रखंडों में आयोजित सहयोग शिविरों प्राप्त 1721 में 1609 आवेदनों का हुआ निष्पादन

SHARE:

प्रभारी सचिव ने प्राणपुर, मनसाही तथा मनिहारी प्रखंड के शिविर का लिया जायजा

कटिहार – सामान्य प्रशासन विभाग बिहार सरकार के निर्देश पर आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर जिले के सभी प्रखंडों के एक पंचायत में पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया।जिसमें प्राप्त कुल 1721 आवेदनों में 1609 का निष्पादन कर दिया गया है।यह जानकारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने दी।

उन्होंने बताया कि जिले के प्रभारी सचिव सह मुख्य सचिव पथ परिवहन विभाग राजकुमार ने प्राणपुर प्रखंड अंतर्गत बस्तौल पंचायत सरकार भवन, मनसाही प्रखंड अंतर्गत चितौरिया पंचायत सरकार भवन और मनिहारी प्रखंड अंतर्गत बाघमारा पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।इस अवसर पर प्रभारी जिला पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी भी साथ रहे। शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि यह सहयोग शिविर जनता और सरकार के बीच एक सेतु का कार्य कर रहा है।

आमजनों की समस्या का समाधान इस शिविर के माध्यम से 30 दिनों के भीतर निश्चित रूप से कराया जा रहा है।इस क्रम में प्रभारी सचिव ने लोगों को उनकी समस्या का निष्पादन हो जाने संबंधित प्रमाण-पत्र भी अपने हाथों से प्रदान करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। प्रभारी जिला पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता डाॅ. विनोद कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का निदान कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी नागरिक की परेशानी को 30 दिनों के अंदर दूर किया जाएगा।शिविर हेतु आवेदन 30 दिन पूर्व से ही लिए जा रहे थे। पूरे जिले में एक माह में प्राप्त कुल 1721 आवेदनों में से 1609 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। वहीं शेष आवेदनों को भी शीघ्र निष्पादित कर सेवा संवाद समाधान पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश प्राप्त हुआ है।शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना तथा समयबद्ध निवारण सुनिश्चित करना है।

शिविर में राजस्व से संबंधित दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र; सरकारी योजनाओं में आवास, पेंशन, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, लेबर कार्ड, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मुख्यमंत्री परिवहन योजना, वाहन अनुज्ञप्ति, दुर्घटना अनुग्रह अनुदान, आपदा अनुग्रह अनुदान, प्रमाण पत्र में आय, जाति, निवास एवं अन्य प्रमाण पत्रों का वितरण, पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में शिकायत, एफआईआर, पारिवारिक विवाद, चरित्र सत्यापन, महिला सुरक्षा के अलावे केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को प्रदान की जाती है।

सहयोग शिविर के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने आमजनों से सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है। शिविरों के निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त अमित कुमार , जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अभिषेक रंजन ,अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न सिंह यादव तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर विशाल आनंद व मनिहारी विनोद कुमार सहित संबधित विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे ।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई