ग्रामीणों की सतर्कता से सरकारी गेहूं की कालाबाजारी नाकाम, 6 बोरी अनाज जब्त

SHARE:

विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ (किशनगंज)

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत के फुलबारी गांव में स्थानीय ग्रामीणों की मुस्तैदी से सरकारी कोटे के गेहूं की कथित कालाबाजारी का मामला उजागर हुआ। बुधवार दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को साइकिल पर लादकर ले जाई जा रही छह बोरी सरकारी गेहूं के साथ पकड़ लिया।

घटना के बाद गांव में लोगों ने गरीबों के हक के अनाज की कालाबाजारी के खिलाफ जमकर विरोध जताया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।स्थानीय युवक मुअज्जम आरज़ू ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी राशन की कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के हिस्से का अनाज अवैध रूप से बेचा जा रहा है, जिससे पात्र लाभार्थियों को उनका पूरा राशन नहीं मिल पा रहा है।

मामले की सूचना मिलते ही किशनगंज अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थानीय थाना को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। एसडीओ ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सरकारी अनाज पकड़े जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस को अनाज जब्त कर मामले की जांच करने का आदेश दिया गया।एसडीओ के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर विकास कुमार, राजस्व कर्मचारी विशाल कुमार एवं अंचल लिपिक नरेश कुमार शाम करीब पांच बजे फुलबारी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों द्वारा पकड़ी गई सभी छह बोरी सरकारी गेहूं को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।


प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि जब्त किया गया गेहूं किस जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर के कोटे का था तथा इसे किस उद्देश्य से और कहां ले जाया जा रहा था।

अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई