टेढ़ागाछ /विजय कुमार साह
मटियारी पंचायत के मटिटोला गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण करीब डेढ़ सौ परिवार पिछले दो वर्षों से लो वोल्टेज की समस्या झेल रहे हैं। भीषण गर्मी में भी ग्रामीणों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी सहित ग्रामीणों का आरोप है कि गांव तक बिजली आपूर्ति बांस-बल्ली के सहारे और पतले तारों से की जा रही है, जिसके कारण वोल्टेज इतना कम रहता है कि बल्ब तक नहीं जल पाते।
मुखिया प्रतिनिधि सफदर हुसैन अंसारी ने बताया कि गांव में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए करीब दो वर्ष पूर्व 20 से 25 बिजली पोल लगाए गए थे, लेकिन आज तक उन पोलों पर तार नहीं लगाए गए। उनका आरोप है कि तार लगाने के नाम पर ग्रामीणों से पैसे की मांग की जा रही है, जिसके कारण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार संबंधित जेई और एसडीओ को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। लोगों के अनुसार, वोल्टेज इतना कम रहता है कि सिर्फ स्विच बोर्ड का इंडिकेटर जलता है, जबकि पंखे, बल्ब और मोबाइल चार्जर काम नहीं करते। इससे बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा मटिटोला में शीघ्र स्थायी बिजली व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।


























