ममता बनर्जी पड़ी अलग थलग
कोलकाता:पश्चिम बंगाल की राजनीति से इस वक्त एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर लंबे समय से सुलग रहा असंतोष अब खुलकर सामने आता दिख रहा है। जानकारी के अनुसार पार्टी के दर्जनों विधायक विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) से मुलाकात करने के लिए विधानसभा पहुंचे हैं, जिससे राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद से ही कई विधायक पार्टी नेतृत्व और संगठन की कार्यशैली से नाराज चल रहे थे। इन विधायकों ने समय-समय पर अपनी नाराजगी जाहिर भी की थी, लेकिन अब मामला खुली बगावत के रूप में सामने आता दिखाई दे रहा है।
सूत्रों के मुताबिक बागी खेमे के विधायक संदीपन के साथ अब तक दो दर्जन से अधिक विधायक विधानसभा पहुंच चुके हैं। बागी नेताओं का दावा है कि उनके साथ कुल 59 विधायक हैं। इस दावे ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
वहीं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि बागी विधायकों का यह शक्ति प्रदर्शन जारी रहा तो आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। नेताओ का कहना है कि वो अलग पार्टी नहीं बनाएंगे बल्कि असली टीएमसी पार्टी पर ही अपना दावा करेंगे।
विधानसभा में विधायकों की बढ़ती मौजूदगी और बागी खेमे के दावों ने टीएमसी के भीतर मचे घमासान को सार्वजनिक कर दिया है। अब सभी की निगाहें स्पीकर से होने वाली मुलाकात और बागी विधायकों की अगली रणनीति पर टिकी हुई हैं, क्योंकि यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल की राजनीति की दिशा बदलने वाला साबित हो सकता है।
























