नवाबगंज पंचायत की जर्जर सड़क निर्माण की मांग तेज,विधायक को सौंपा गया आवेदन

SHARE:

मनिहारी /कटिहार – प्रखंड अंतर्गत नवाबगंज पंचायत की जर्जर मुख्य सड़क के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर बिहार स्टूडेंट यूनियन के उपाध्यक्ष साहबाज आलम ने स्थानीय विधायक मनोहर प्रसाद सिंह को आवेदन सौंपा है।सौंपे गए आवेदन में कहा गया है कि नवाबगंज पंचायत की मुख्य सड़क पिछले करीब छह माह से जर्जर अवस्था में पड़ी हुई है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बावजूद संबंधित ठेकेदार द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उक्त सड़क मनिहारी गंगा घाट, गोगाबिल झील रामसर स्थल सहित विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है।प्रतिदिन हजारों लोगों का इस सड़क से आवागमन होता है। साथ ही क्षेत्र के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।

सड़क की बदहाल स्थिति के कारण कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। बरसात के मौसम में जलजमाव एवं गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ गई है। आवेदन के माध्यम से मामले की जांच कर संबंधित विभाग एवं ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराने की मांग की गई है।साहबाज आलम ने कहा कि जनहित से जुड़े इस गंभीर मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्र की जनता आंदोलन के लिए बाध्य हो सकती है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई