कोढा /कटिहार-कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को प्रशासन की पहल पर दो स्थानों पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। पहला शिविर कोढ़ा नगर पंचायत के सामुदायिक भवन में तथा दूसरा बसगरा पंचायत में आयोजित हुआ। इन शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना था।
बासगड़ा पंचायत में आयोजित शिविर का शुभारंभ कोढ़ा विधायक कविता पासवान एवं स्थानीय मुखिया प्रीतम देवी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित, अंचलाधिकारी संजीव कुमार, कृषि पदाधिकारी नवीन कुमार,आपूर्ति पदाधिकारी मनजीत माहेश्वरी ,पंचायती राज पदाधिकारी प्रियंका कुमारी भाजपा नेता रमन झा, मनरेगा पीओ अंजय कुमार तथा विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पंकज ठाकुर सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और मौके पर ही उनके समाधान की दिशा में पहल की गई। बासगड़ा शिविर में कुल 141 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 136 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है।वहीं कोढ़ा नगर पंचायत के सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
इस दौरान नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह, वार्ड पार्षद बिमल कुमार, डोली देवी, मनिक लाल बड़ायक, कार्यपालक पदाधिकारी शाहनवाज रजा, अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी सृष्टि सुमन सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई।इस अवसर पर विधायक कविता पासवान ने कहा कि “सरकार की मंशा है कि आम जनता की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही किया जाए।
सहयोग शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। आगे भी ऐसे शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाएगा, ताकि हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन पर बना रहे।
























