सागर चंद्रा/किशनगंज
शहर के धरमगंज में दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं उसने महिला की गोद से उसके दुधमुंहे बच्चे को भी छीन लिया। हालांकि महिला के द्वारा डायल 112 पर कॉल करने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को उसकी मां के हवाले कर दिया। पीड़ित महिला नेहा कुमारी की लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता नेहा कुमारी की शादी गत 8 अक्टूबर 2023 को धरमगंज निवासी सनी पासवान पिता रामदेव पासवान के साथ हुई थी। जिससे उसे एक संतान भी है। बेटे के जन्म के बाद से ही सनी महिला पर मायके से दो लाख रुपये दहेज मांग कर लाने का दबाव बनाने लगा था। रुपयों की मांग कर नेहा को शारिरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
लेकिन अपना संसार बचाने के लिए नेहा सारे दुख चुपचाप सहन करती रही। बात बात पर उसे ताना दिया जाने लगा। लेकिन गत 29 मई को पति ने उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। घटना के बाद नेहा ने अपने मायके में शरण ले ली। लेकिन सनी वहां भी पहुंच गया और बच्चे को मां की गोद से छीन कर साथ ले गया।
हालांकि नेहा के द्वारा पुलिस को घटना की जानकारी दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मां की गोद में बच्चे को वापस डाल दिया। लेकिन इसके बाद सनी लगातार नेहा को फोन कर हत्या करने की धमकी देने लगा। जिससे घबरा कर वह पुलिस के समक्ष जा पहुंची। टाउन थाने में नेहा की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।



























