काढ़ागोला स्टेशन के कायाकल्प कार्य का किया निरीक्षण
बरारी/कटिहार – सांसद तारिक अनवर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर आम लोगों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित कर क्षेत्र की विकास योजनाओं और जनसुविधाओं की जानकारी ली। सांसद ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता है और इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।
अपने दौरे की शुरुआत सांसद ने हसनगंज प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से की, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बरारी विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों का भ्रमण किया और आमजन से सीधे संवाद कर क्षेत्र की जमीनी हकीकत को समझने का प्रयास किया।
दौरे के दौरान सांसद तारिक अनवर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे दिवंगत अजीत सरपंच के आवास भी पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं, हाल ही में सिक्किम में हुए हादसे में जान गंवाने वाले बरारी क्षेत्र के दो मजदूरों के परिजनों से मिलकर उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की। सांसद ने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत करने का आश्वासन भी दिया।
इसके अलावा सांसद ने कटिहार -बरौनी रेलखंड के महत्वपूर्ण स्टेशन काढ़ागोला पहुंचकर स्टेशन के पुनर्विकास एवं कायाकल्प कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और मौजूद अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तेजी से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। सांसद तारिक अनवर ने कहा कि कटिहार-बरौनी रेलखंड के महत्वपूर्ण स्टेशन सेमापुर, काढ़ागोला और कुर्सेला के आधुनिकीकरण एवं कायाकल्प को लेकर उन्होंने पूर्व में मांग उठाई थी।
जिसे स्वीकृति मिलने के बाद अब धरातल पर कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।मौके पर कटिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव, जिला महासचिव जहांगीर आलम, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह,मस्कुलर आलम, मुनेश्वर ठाकुर, मो० इलियास, भगवत प्रसाद भगत, अशोक राम, चंद्र देव रविदास, मिथिलेश सिंह, दिलीप ठाकुर, आजाद अंसारी, राजकुमार मेहता, अवधेश मंडल, नुरुल हक, शाहिद बैठा सहित कई कांग्रेस नेता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


























