टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के झुनकी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 07 स्थित टाटा भट्ठा के समीप सोमवार को शर्मा प्योर वाटर जल शोधन एवं वितरण केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो० शाहिद आलम ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। नए प्लांट के संचालन शुरू होने से टेढ़ागाछ एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
अब लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। संस्थान के प्रोपराइटर गोविंदा कुमार शर्मा एंड ब्रदर्स ने बताया कि प्लांट में अत्याधुनिक आरओ, यूवी एवं एडवांस फिल्ट्रेशन सिस्टम स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाला शुद्ध पेयजल तैयार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्राहकों को फूड ग्रेड मटेरियल, बीपीए फ्री तथा लीक-प्रूफ जार में 100 प्रतिशत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए अल्कलाइन वाटर की भी व्यवस्था की गई है। संस्थान को आईएसओ एवं एफएसएसएआई का प्रमाणन प्राप्त है तथा इसका लाइसेंस संख्या 20426371000175 है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए गोविंदा कुमार शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक शुद्ध, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “प्योरनेस यू कैन ट्रस्ट” की भावना के साथ संस्थान लोगों को भरोसेमंद सेवा प्रदान करेगा।
संस्थान द्वारा घरेलू उपयोग के अलावा दुकान, शोरूम, कार्यालय, फैक्ट्री तथा शादी-विवाह, जन्मदिन, मुंडन और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए भी बल्क में फिल्टर्ड वाटर की आपूर्ति की जाएगी। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी कदम बताया।


























