वंदे मातरम् विवाद की जांच पूरी,दो शिक्षकों ने मांगी लिखित माफी

SHARE:

बरारी /कटिहार – बरारी प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय गुरमेला में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर उत्पन्न विवाद के मामले में शिक्षा विभाग की जांच पूरी हो गई है। मामले में आरोपित दो शिक्षकों ने लिखित रूप से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का आश्वासन दिया है। जानकारी के अनुसार विद्यालय के शिक्षक अंजुमन एवं अबू तालिब पर राष्ट्रीय गीत गाने का विरोध करने का आरोप लगा था।

इसको लेकर विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि इस घटना से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हुआ तथा विद्यार्थियों के बीच गलत संदेश गया। मामले को गंभीर मानते हुए प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा था। बुधवार को बीईओ विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों से अलग-अलग पूछताछ की गई।

जांच के बाद प्रभारी बीईओ राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले में दो शिक्षकों की संलिप्तता सामने आई है। दोनों शिक्षकों ने लिखित माफीनामा सौंपते हुए भविष्य में इस तरह की गलती नहीं करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल विद्यालय में सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं तथा राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम्’ नियमित रूप से गाया जा रहा है।इधर मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय शिक्षा और संस्कार का केंद्र होता है, जहां राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान का सम्मान सर्वोच्च होना चाहिए। लोगों ने कहा कि शिक्षक बच्चों के आदर्श होते हैं और इस तरह के विवाद से विद्यार्थियों पर गलत प्रभाव पड़ता है।बरारी विधायक विजय सिंह निषाद ने कहा कि राष्ट्रीय गीत का विरोध किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि ऐसी हरकत माफी के काबिल नहीं है और शिक्षा संस्थानों में राष्ट्र सम्मान से जुड़ी परंपराओं का पालन सख्ती से होना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि केवल माफी मांग लेने से इस तरह की घटनाओं की गंभीरता कम नहीं हो जाती।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई