मनसाही/कटिहार – प्रखंड मुख्यालय मनसाही में सोख्ता योजना में निर्माण के बगैर राशि के उठाव को लेकर प्रमुख समेत पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। मामले को लेकर प्रमुख सुषमा कुमारी की अगुवाई में आपात बैठक आयोजित कर पंचायत समिति सदस्यों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी पर राशि के गवन का आरोप लगाया और मामले को जिलाधिकारी के समक्ष ले जाने की बात कही।
प्रमुख समेत पंचायत समिति सदस्यों का आरोप है कि 18 लाख की लागत से पंचायतों में सोख्ता निर्माण किया जाना था। इस निर्माण को लेकर कुरेठा एवं फुलहारा पंचायत में 20-20 सोख्ता निर्माण की बात सामने आई। समिति सदस्यों का आरोप है कि ग्राउंड जीरो पर सोख्ता का निर्माण ही नहीं हुआ है और इस एवज में लगभग 70 फीसदी राशि का उठाव किया जा चुका है।
पंचायत समिति सदस्यों के अनुसार जब उन्होंने इस बारे में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमन कुमारी से सवाल किया तो उन्होंने इस मामले में किसी किस्म की जानकारी देने से इनकार किया। पंचायत समिति सदस्यों के अनुसार यह सीधा-सीधा सरकारी राशि के गबन का मामला है। सदस्यों ने इस संवाददाता से आरोप को लेकर बात की और कहां कि यह एक गंभीर मामला है जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। अपने बयान में प्रमुख समेत अन्य पंचायत समिति सदस्यों ने बताया कि मामले को लेकर लिखित आवेदन के साथ प्रमुख की अगुवाई में पंचायत समिति सदस्यों का शिष्टमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी से मिलेगा और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग करेगा ।
कहती हैं प्रमुख
प्रखंड प्रमुख सुषमा कुमारी के अनुसार योजना में निर्माण के नाम पर गबन और राशि उठाव का मामला काफी गंभीर विषय है जिसकी जांच अवश्य होनी चाहिए।
कहती हैं बीडीओ –
आरोप को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमन कुमारी ने बताया कि उन पर लगाए गए बिल्कुल निराधार एवं बेबुनियाद हैं।





























