कटिहार /कटिहार – राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के आह्वान पर बुधवार को बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में धिक्कार मार्च निकाला गया। इसी क्रम में कटिहार जिला में भी जिला संयोजक उमाकांत आनंद के नेतृत्व में नगर भवन से शहीद चौक तक आक्रोश मार्च निकाला गया।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने महागठबंधन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महिला आरक्षण बिल तथा परिसीमन सुधार के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया। जिला संयोजक उमाकांत आनंद ने कहा कि महागठबंधन सरकार महिला विरोधी मानसिकता रखती है और नहीं चाहती कि आम महिलाओं की भागीदारी संसद एवं विधानसभा में बढ़े। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल का विरोध कर सरकार ने अपनी मंशा साफ कर दी है।
उन्होंने कहा कि उपेन्द्र कुशवाहा के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोक मोर्चा लगातार परिसीमन सुधार, संवैधानिक अधिकार और बिहार सहित उत्तर भारत के विकास को लेकर संघर्षरत है, लेकिन महागठबंधन इन मुद्दों का भी विरोध कर रहा है।
कार्यक्रम को महिला जिला अध्यक्ष पुतुल देवी, युवा नेता अंकित सिंह समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, प्रदेश सचिव पिंकू कुमार, जिला महासचिव दयानंद कुशवाहा, शंकर गुप्ता, छात्र नेता अमन कुमार, संजय सिंह, विमल साह, रेखा देवी, प्रसन्नजीत, राणा सिंह, राजू पांडे, विकास कुमार, सुजीत गुप्ता, पवन सिंह, उदय सिंह, संतोष मेहता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।





























