कदवा /कटिहार – आत्मनिर्भर बिहार के ‘सात निश्चय-2’ कार्यक्रम के तहत पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कदवा प्रखंड के कंटिया पंचायत स्थित कामरु ग्राम में एक दिवसीय पशु बाँझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया। प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय, सोनैली के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन पूर्व पंचायत समिति सदस्य रतन कुमार मंडल, वार्ड सदस्य दिलीप कुमार मंडल एवं भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
शिविर में क्षेत्र के पशुपालकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। जहां 47 पशुपालकों के कुल 78 पशुओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।विशेषज्ञों ने पशुओं में बाँझपन की समस्या के समाधान को लेकर वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी। जिससे पशुपालकों को काफी लाभ मिला। इस दौरान डॉ. सुनीत कुमार,डॉ. आमोद प्रसाद सिंह सहित अन्य पशु चिकित्सा कर्मियों ने पशुपालकों को संतुलित आहार, समय पर उपचार और उचित देखभाल के महत्व के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि इन उपायों से पशुओं की प्रजनन क्षमता बढ़ेगी, जिससे दुग्ध उत्पादन और पशुपालकों की आय में वृद्धि संभव है। भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि पशुपालकों की सुविधा के लिए भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।





























