चार पंचायतों में पहले ही निर्विरोध चयन, अब एक सीट पर टिकी सबकी नजर
बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड में पैक्स अध्यक्ष पद को लेकर सोमवार को बिघोर हाट पंचायत में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हुआ, कुल 1628 मतदाताओं में से 737 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिससे 45.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। हालांकि कुल प्रतिशत ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। नामांकन के समय चार प्रत्याशी मैदान में थे।
जिससे चुनाव को लेकर काफी चर्चा थी। लेकिन नाम वापसी के बाद अब तीन उम्मीदवार आलाया खातून, मो. जमाल अंसारी एवं मोमिन के बीच सीधी टक्कर रह गई है। तीनों प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने पक्ष में जीत का दावा कर रहे हैं। जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा हुआ है।प्रशासन की ओर से मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के पूरी हुई।
चार पंचायतों में निर्विरोध चयन के बाद अब पूरे प्रखंड की निगाहें केवल बिघोर हाट पंचायत के परिणाम पर टिक गई हैं। यह सीट चुनावी दृष्टि से प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गई है। निर्वाचित पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद एव सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मुमताज अहमद ने संयुक्त रूप से बताया कि मतदान शांतिपूर्वक वातावरण में संपन्न हुई है।
कुल मतदान 45 फीसदी मतदाताओं ने अपना मत का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि मतगणना का कार्य जारी है और देर रात तक परिणाम आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा रही है।





























