विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ प्रखंड में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और भंडारण के खिलाफ बुधवार को सख्त कार्रवाई की गई। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय कुमार विश्वास के नेतृत्व में चलाए गए इस सघन छापेमारी अभियान ने स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में हड़कंप मचा दिया।अभियान के तहत आपूर्ति विभाग की टीम ने प्रखंड के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों—धाधर चौक और मटियारी बाजार—में औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन दुकानों, होटलों और संदिग्ध ठिकानों की गहन जांच की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या अवैध भंडारण किए जाने की सूचना मिल रही थी। अधिकारियों ने मौके पर गैस सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
छापेमारी के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए उपयोग करना कानूनन अपराध है।
उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सचेत करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध होने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।अधिकारी ने यह भी दोहराया कि कालाबाजारी या अवैध भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा, ताकि गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर लाभ मिल सके।
इस अभियान के बाद क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि प्रशासन अब किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर पूरी तरह सख्त है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा रहा है।





























