गौरीपुर बांध पर लूट का विरोध पड़ा भारी,हालत गंभीर
कटिहार – जिला के रोशना थाना क्षेत्र के गौरीपुर बांध पर सोमवार की देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई। जब लूटपाट के इरादे से आए दो अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे ईलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घायल युवक की पहचान अमदाबाद थाना क्षेत्र के सूरापुर गांव निवासी राजेश कुमार यादव (20) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राजेश सोमवार को अपनी नानी के घर गौरीपुर गांव गया था। शाम के समय वह एक ठेकेदार के पास पैसा लेने गया था और वहां से लौटते वक्त यह वारदात हुई।जैसे ही राजेश बाइक से बांध के रास्ते अपने नाना के घर लौट रहा था। तभी पहले से घात लगाए बैठे दो अपराधियों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने हथियार दिखाकर पैसे और मोबाइल की मांग की।
राजेश ने जब इसका विरोध किया और वहां से निकलने की कोशिश की तो एक अपराधी ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी।गोली राजेश के बाएं जांघ में जा लगी और शरीर के अंदर फंस गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि हिम्मत दिखाते हुए घायल अवस्था में ही राजेश किसी तरह बाइक स्टार्ट कर वहां से भाग निकला और सीधे अपने नाना के घर पहुंचा।
इसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल सदर अस्पताल में उसका इलाज जारी है। इधर, रोशना थाना में मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।





























