नेपाल से विजय कुमार साह की रिपोर्ट
नेपाल में जारी चुनाव की मतगणना के साथ ही राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। देश के विभिन्न मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ देखी जा रही है, जहां जीत की उम्मीद में कार्यकर्ता और समर्थक पूरे उत्साह के साथ परिणामों का इंतजार कर रहे हैं। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों, नारों और जश्न का माहौल भी देखने को मिल रहा है।नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को हार का सामना करना पड़ रहा है ।जबकि बालेन शाह को बड़ी जीत हासिल होते हुए दिख रही है ।
अब तक सामने आए रुझानों के अनुसार राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (रास्वापा) के घंटी छाप चुनाव चिह्न वाले कई उम्मीदवारों ने मजबूत बढ़त बना ली है। कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में रास्वापा के उम्मीदवार भारी मतों से विजयी भी घोषित किए जा चुके हैं। इन परिणामों से पार्टी समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।मिली जानकारी के मुताबिक लगभग 165 सीटों का रिजल्ट घोषित किया जा चुका है
मतगणना केंद्रों के बाहर समर्थक अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में नारेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। जैसे ही किसी सीट से जीत की घोषणा होती है, समर्थक एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और फूल-मालाओं के साथ खुशी का इजहार कर रहे हैं।
कई जगहों पर युवा समर्थक झंडे लेकर जुलूस भी निकालते दिखाई दे रहे हैं।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शुरुआती रुझान रास्वापा के लिए सकारात्मक संकेत दे रहे हैं, हालांकि अभी कई सीटों की मतगणना बाकी है और अंतिम परिणाम आने में समय लग सकता है।
इसलिए सभी दलों के नेता और समर्थक अंतिम नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।फिलहाल पूरे नेपाल में चुनाव परिणामों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक समीकरण भी स्पष्ट होते जा रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि अंतिम परिणाम किस दल के पक्ष में जाते हैं और आने वाले समय में नेपाल की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।


























