होली पर कानून व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, ठाकुरगंज थाना में शांति समिति की बैठक

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

रंगो के त्योहार होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु रविवार को ठाकुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर थानाध्यक्ष नवनीत कुमार नमन ने की, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया।

बैठक में मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि सह राजद नेता मुश्ताक आलम, प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली तथा अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया।

अध्यक्षता कर रहे अधिकारी ने कहा कि होली खुशियों और रंगों का पर्व है, लेकिन असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हुड़दंगबाजी, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर उत्पात मचाने तथा अश्लील या भड़काऊ गाने बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।

बीडीओ ने लोगों से अपील की कि त्योहार को प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा पुराने मतभेद भुलाकर सामाजिक एकता का संदेश दें। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

अंचल अधिकारी ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर शैलेश कुमार, वरिष्ठ नागरिक गोपाल केजरीवाल, शिव कुमार यादव, राजेश करनानी, अनिल महाराज, सलीमुद्दीन, मो. सोहराब तथा नगर पंचायत कर्मी कृष्ण कुमार पासवान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि होली का त्योहार शांति, सुरक्षा और भाईचारे के साथ मनाया जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई