कटिहार – जिला पदाधिकारी के निदेश पर एनआइसी सभागार मे अपर समाहर्ता डाॅ.बिनोद कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता आपदा कुमार मृत्युंजय ने बताया कि भूकंप से बचाव को लेकर आवश्यक सावधानियो की मॉक ड्रिल के माध्यम से आमजनों को जानकारी दी जाएगी। इसके तहत 26.02.2026 को सुबह 8:20 से पूरे बिहार में मार्क ड्रील कराया जायेगा।
बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं हेतु भूमि उपलब्धता, प्रधानमंत्री किसान रजिस्ट्री, सोमवार एवं शुक्रवार को होने वाला जनता दरबार का रिपोर्ट वेबसाइट पर अपलोड करना सहित कई अन्य विभागीय कार्यों पर विस्तृत चर्चा और प्रगति की चर्चा की गई। एडीएम ने सभी अंचलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के द्वारा प्रत्येक प्रखंड में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, खेल मैदान,पानी की टंकी, पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र सहित अन्य निर्माण को लेकर आवंटित भूमि की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन विकास कार्यों हेतु भूमि उपलब्ध कराने तथा अनापत्ति देने की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा करने का प्रयास करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि भूमि संबंधी अड़चनों को तत्काल दूर किया जाए। ताकि निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके। उन्होंने अतिक्रमित भूमि को अतिशीघ्र अतिक्रमणमुक्त कराने का भी निर्देश दिया।
बैठक में शिक्षा, पर्यटन,कला-संस्कृति एवं युवा, खेल, परिवहन, मद्य निषेध, नगर निगम,श्रम संसाधन,पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण पथ निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों की गतिविधियों तथा योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
अपर समाहर्ता ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाकर जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से आम नागरिकों तक पहुँचाने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त अमित कुमार सहित जिलास्तरीय समन्वय समिति से संबद्ध पदाधिकारीगणों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी जुड़े रहे।



























